क्या आपको पता है दुनिया का 12वां अमीर शहर है मुंबई

545
देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले मुंबई शहर को दुनिया के शीर्ष 15 अमीर शहरों में जगह मिली है। मुंबई की कुल संपत्ति 950 अरब डॉलर आंकी गई है। इस सूची में शीर्ष पायदान पर न्यूयॉर्क रहा है। न्यू वल्र्ड वेल्थ की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत का आर्थिक केंद्र मुंबई 12वां सबसे अमीर शहर है। रिपोर्ट में मुंबई के बाद बाद टोरंटो (कुल संपत्ति 944 अरब डॉलर), फ्रैंकफर्ट (912 अरब डॉलर, 14वां स्थान) और पेरिस (860 अरब डॉलर, 15वां स्थान) हैं। कुल संपत्ति का मतलब प्रत्येक शहर में रहने वाले सभी लोगों की निजी संपत्ति से है। इसमें उनकी सभी संपत्तियों (प्रॉपर्टी, नकदी, शेयर, कारोबार) को जोड़कर देनदारियों को घटाया गया है। आंकड़ों में सरकारी फंडों को शामिल नहीं किया गया है। मुंबई अरबपति आबादी के लिहाज से भी शीर्ष 10 शहरों में शामिल है। इस शहर में 28 अरबपति हैं, जिनके पास 1 अरब डॉलर या उससे अधिक शुद्ध संपत्तियां हैं।
रिपोर्ट में मुंबई के बारे में कहा गया है, ‘शहर में कुल संपत्ति 950 अरब डॉलर है। मुंबई भारत का आर्थिक केंद्र है। यहां बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) भी स्थित है, जो दुनिया का 12वां सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज हैं। शहर के प्रमुख उद्योगों में वित्तीय सेवाएं, रियल एस्टेट और मीडिया शामिल हैं।’ इसमें कहा गया है कि आने वाले समय में मुंबई अगले 10 वर्षों में संपत्ति में वृद्धि के लिहाज से सबसे तेज वृद्धि वाला शहर रहने की संभावना है। विश्व के 15 सबसे अमीर शहरों की सूची में न्यूयॉर्क सबसे ऊपर रहा, जिसकी कुल संपत्ति 3 लाख करोड़ डॉलर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि न्यूयॉर्क में विश्व के दो सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज हैं। कनेक्टिकट और लॉन्ग आइसलैंड जैसे न्यूयॉर्क के आसपास के क्षेत्र में भी बड़ी मात्रा में संपत्ति है, जिन्हें इस आंकड़े में शामिल नहीं किया गया है।