Home गोरखपुर नगर निगम गोरखपुर : कार्यकारिणी के छह सदस्य निर्विरोध चुने गये

नगर निगम गोरखपुर : कार्यकारिणी के छह सदस्य निर्विरोध चुने गये

गोरखपुर। नगर निगम कार्यकारिणी के जिन रिक्त छह पदों के पर चुनाव की चर्चा बनी हुई थी, वह शनिवार को निर्विरोध निर्वाचन के साथ खत्म हो गई। कार्यकारिणी में भाजपा के तीन, समाजवादी पार्टी के दो और एक सदस्य निर्दलीय शामिल हुए। मेयर ने सभी निर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यकारिणी के रिक्त हुए सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शनिवार को नगर निगम सदन में शुरू हुई। नौ सदस्यों ने कुल 14 पर्चे लिए। इन नौ सदस्यों में सपा के रमेश यादव, संजय यादव और शकुन मिश्रा, भाजपा से मनु जायसवाल, आलोक सिंह विषेन, अभिषेक कुमार निषाद, बृजेश सिंह छोटू और बबलू प्रसाद गुप्ता ने पर्चा खरीदा। वहीं कांग्रेस, बसपा के समर्थन से आनंदवर्धन सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा लिया। इससे मतदान की आशंका बन गई, लेकिन बृजेश सिंह छोटू, संजय यादव और बबलू प्रसाद गुप्ता के नाम वापस लेने के बाद निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। बचे रह गए छह सदस्यों मनु जायसवाल, आलोक सिंह विषेन, अभिषेक कुमार निषाद, शकुन मिश्रा, रमेश यादव और आनंदवर्धन सिंह को निर्विरोध चुना गया।

मेयर सीताराम जायसवाल ने निर्वाचित सदस्यों को प्रमाणपत्र जारी करते हुए शुभकामना दी। कहा कि कार्यकारिणी समिति के चुने गये सदस्य सभी मिलकर शहर के विकास में अपना पूर्ण योगदान दें और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में गोरखपुर शहर विकास का मार्ग प्रशस्त करें।

Exit mobile version