Home न्यूज़ बस्ती में लड़की से हैवानियत प्राइवेट पार्ट्स को ब्लेड से काटा, मुंह...

बस्ती में लड़की से हैवानियत प्राइवेट पार्ट्स को ब्लेड से काटा, मुंह में ब्लेड डालकर ठूंस दिया कपड़ा

बस्ती। शनिवार को बस्ती से एक ऐसी खबर आई जो बेहद घिनौनी और डराने वाली है। शुक्रवार की देर रात में घर से शौच के लिए खेत में गई किशोरी पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई है।

सुबह होने पर परिजनों ने खोजबीन की तो वह बेहोशी की हालत में खेत में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। किशोरी के साथ हैवानियत की भी चर्चा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती रात एक 15 वर्षीय किशोरी परिजनों से शौच जाने की बात कहकर घर से निकली।

जब किशोरी काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रात होने के कारण परिजन उसे नहीं खोज पाए।

शनिवार की सुबह पांच बजे घर से कुछ दूरी पर वह खेत में बेहोशी के हालत में खून से लथपथ मिली।

किशोरी के तन पर कपड़ा नहीं था, केवल लोवर पहनी हुई थी। उसके मुंह में ब्लेड डालकर कपड़े से बांध दिया गया था।

शरीर में कई जगहों पर ब्लेड से हमला किया गया था। उसके नाजुक अंगों पर भी काटा गया था। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में आसपास गांव के लोग भी जुट गए।

परिजनों की सूचना पर कप्तानगंज पुलिस गांव में पहुंची और किशोरी को इलाज के लिए पहले सीएचसी कप्तानगंज ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

घटना को लेकर गांव में तरह- तरह की चर्चा हो रही है। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि घायल किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

कप्तानगंज थाना क्षेत्र में हुई घटना के बाद मौके पर पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी, क्षेत्राधिकारी कलवारी आलोक कुमार, डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता की बहन व उसके बाबा से घटना के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही आसपास के लोगों से भी घटना से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।

गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक बस्ती आशीष श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।

पीड़िता के भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 307 सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

Exit mobile version