गोरखपुर : झांसा देकर महिलाओं से ठग लेते हैं गहने, पुलिस ने जारी की तस्वीर

530

गोरखपुर। भोले भाले लोगों को गहनों के चमकाने का झांसा देकर शिकार बना रहे जालसाजों को पकड़ने के लिए पुलिस ने उनकी कुछ तस्वीरें सोमवार को सोशल मीडिया पर डालते हुए पब्लिक से मदद मांगी है।

Advertisement

पुलिस ने तस्वीर के साथ मोबाइल फोन नंबरों को भी जारी किया है और सूचना देने वालों को 10 हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की है।

पुलिस का कहना है कि सूचना देने वालों का नाम पता गोपनीय रखा जाएगा।

पुलिस ने जिनकी तस्वीर जारी की है वे तिवारीपुर इला‌के में वारदात को अंजाम देने के दौरान पास के एक सीसीटीवी कैमरा में कैद हुए थे।

जालसाजों को पकड़ने के लिए एसएसपी ने क्राइम ब्रांच को भी लगाया है।

जानकारी के अनुसार तिवारीपुर के माधोपुर निवासी सुशीला देवी के घर बाइक से दो युवक पहुंचे थे।

दोनों ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि वे पाउडर बेच रहे हैं। जिससे गहनों को चमकाया जाता है।

उन्होंने पायल चमका कर झांसे में लिया और महिला के दो मंगलसूत्र, एक झुमका व कान का टाप्स लेकर फरार हो गए।

भागते समय जालसाजों की तस्वीर कैद हो गई थी। जिसके बाद तिवारीपुर पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी।

पिछले एक सप्ताह में अलग-अलग थानाक्षेत्रों में इस तरह की तीन घटनाएं और हो चुकी है।

जिसमें से एक गगहा इलाके की महिला के साथ, एक कैंपियरगंज व एक खजनी इलाके के खूशबु नाम की युवती के गहने लेकर जालसाज फरार हो चुके हैं।

पुलिस का मानना है कि ये जालसाज अमूमन अन्य प्रदेशों व जनपदों के रहने वाले हैं।

यहां आकर अलग-अलग ग्रुप में अलग-अलग इलाकों में निकलते हैं।

कुछ दिन तक लगातार घटनाओं को अंजाम देने के बाद फिर फरार हो जाते हैं।

इसके बाद ये दूसरी जगहों पर जाकर घटना को अंजाम देने लगते हैं।