गोरखपुर : गर्लफ्रेंड की शादी में कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा बॉयफ्रेंड, सबके सामने भर दी मांग

771

गोरखपुर के एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की शादी में पहुँच कर वो कर डाला जो सिर्फ फिल्मों में होता है। हुआ यूं की खोराबार थाना क्षेत्र के कुसम्ही बाजार में बीती रात फिल्मी अंदाज में पहुंचे प्रेमी ने स्टेज पर दूल्हे के सामने दुल्हन के मांग में सिंदूर भर दिया जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाराती और घराती सभी सकते में आगए।

Advertisement

वहां मौजूद लोग तरह-तरह की बातें करने लगे। मिली जानकारी के अनुसार कुसम्ही बाजार निवासी सुदामा विश्वकर्मा की लड़की की शादी शिव नाथ विश्वकर्मा पुत्र दीपचंद विश्वकर्मा निवासी छपरौली जिला देवरिया के साथ तय किया था। जिसकी बरात बुधवार को आई थी।

शाम को धूमधाम से द्वारपूजा कार्यक्रम संपन्न हुआ और वरमाला की तैयारी शुरू हुई। रात लगभग 10 बजे वरमाला के लिए लड़की व लड़का स्टेज पर चढ़े तभी लड़की का प्रेमी गोलू विश्कर्मा पुत्र अशोक विश्वकर्मा निवासी बरौली थाना पिपराईच वहां पहुंच गया।

गोलू फिल्मी अंदाज में एक हाथ मे कुल्हाड़ी व दूसरे हाथ में सिंदूर ले कर स्टेज पर चढ़ गया। अभी कोई कुछ समझ पाता उसके पहले दूल्हे के सामने ही गोलू ने दुल्हन के मांग में सेंदुर भर दिया।

इस दौरान वहां मौजूद लोग देखते ही सन्न रह गए। उसके बाद घर वालों ने प्रेमी को दौड़ा कर पकड़ लिया और बुरी तरह पीट दिया। जिससे वह घायल हो गया।

मामले की जानकारी किसी ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रेमी को इलाज के लिए एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजवाया।

इसके बाद दूल्हा पक्ष लड़की को ले जाने को राजी नहीं थे मगर रात भर चली पंचायत में किसी तरह लड़का पक्ष मान गया और शादी की रस्में पूरी कर लड़की को विदा करा घर ले गए।