साधना सिंह बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाधिकारी ने जारी किया प्रमाणपत्र

742

गोरखपुर। साधना सिंह गोरखपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष चुन ली गई हैं। मंगलवार दोपहर बाद तीन बजे नाम वापसी की समयसीमा पूरी होने के बाद डीएम के. विजयेंद्र पाण्डियन ने साधना सिंह को प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र मिलते ही भाजपाइयों ने जश्न मनाया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीर बहादुर सिंह की बहू और कैंपियरगंज के विधायक फतेह बहादुर सिंह की पत्नी साधना सिंह दूसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई हैं।

Advertisement

26 जून को दाखिल किया था नामांकन

साधना सिंह ने 26 जून को चार सेट में नामांकन दाखिल किया था। समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी आलोक गुप्ता पर्चा दाखिल नहीं करने पहुंचे थे। इसके बाद सपा ने आनन-फानन जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र यादव को अपना प्रत्याशी बनाया लेकिन वह भी नामांकन नहीं दाखिल कर सके।

दोपहर बाद तीन बजे तक सिर्फ साधना सिंह और भटहट क्षेत्र के वार्ड नंबर दो की जिला पंचायत सदस्य संगीता ने ही नामांकन किया था। इसके तत्काल बाद नामांकन पत्र की जांच में संगीता का पर्चा कमियों के कारण खारिज कर दिया गया था। साधना सिंह का पर्चा वैध मिला था। इसके बाद उनका जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय हो गया था लेकिन नाम वापसी की तिथि तय होने का इंतजार किया जा रहा था।